राज्य
बांसा व नेदुरा ग्राम पंचायतों ने जनपद को किया गौरवान्वित
18 September 2023

हरदोई  स्वच्छ भारत मिशन फेज-2 के अंतर्गत आज उत्कृष्ट कार्य करने वाली उत्तर प्रदेश की 60 ग्राम पंचायतों को पंचायती राज निदेशालय लखनऊ में स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ 5 ग्राम पंचायतों को कृषि उत्पादन आयुक्त मनोज सिंह ने सम्मानित किया। इन 5 ग्राम पंचायतों में जनपद का चर्चित गांव बांसा तीसरे स्थान पर रहा। अन्य 55 ग्राम पंचायत को मिशन निदेशक द्वारा सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाली इन पंचायतों में जनपद की एक अन्य ग्राम पंचायत नेदुरा भी रही। सम्मान बांसा के ग्राम प्रधान सम्पूर्णानन्द सिंह पूनम व नेदुरा के ग्राम प्रधान महेन्द्र पाल ने प्राप्त किया। जिला पंचायती राज अधिकारी विनय कुमार सिंह को भी स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया। इन 60 ग्राम पंचायतों का नाम भारत सरकार को पुरुस्कार हेतु प्रेषित किया गया है। इस अवसर पर पंचायत सचिव विपिन कुमार, बांसा के पंचायत सहायक शिवा, सफाई कर्मी दयाशंकर को भी सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने पंचायती राज विभाग को बधाई देते हुए कहा कि जनपद की दो पंचायतों का सम्मानित होना जनपद के लिए गौरव का विषय है। मुख्य विकास अधिकारी सौम्या गुरुरानी ने कहा कि स्वच्छता के प्रति लोगों की जागरूकता बढ़ी है। यह सम्मान उसी का परिणाम है। सम्मान प्राप्त करने के बाद ग्राम प्रधान बांसा सम्पूर्णानन्द सिंह पूनम ने कहा कि यह सम्मान ग्राम पंचायत की समस्त सम्मानित जनता को समर्पित है। जिला पंचायती राज अधिकारी विनय कुमार सिंह ने कहा कि यह सम्मान विभाग व ग्राम पंचायतों के मध्य बेहतर समन्वय एवं कुशल प्रबंधन का परिणाम है। सम्मान प्राप्त होने के उपरान्त दोनों ग्रामों में खुशी का माहौल है।